बरेली। शहर में चल रहे तीन अंडरपास में से दो इज्जतनगर डीआरएम कार्यालय और कारखाना अंडरपास को अगले माह आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। तीसरे सिटी श्मशान भूमि अंडरपास के निर्माण में अभी समय लगेगा। इन तीनों की अंडरपास के निर्माण का काम देरी से शुरू हो सका था। इज्जतनगर में दोनों क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण का काम रेलवे और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क प्राधिकरण के बीच तनातनी के कारण देरी से शुरू हो सका। वहीं सिटी श्मशान भूमि अंडरपास का निर्माण उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के बीच समन्वय की कमी के कारण देरी से शुरू हो सका था।
दोनों प्रकरणों के निस्तारण के बाद पिछले साल काम तेजी से शुरू किया गया। इन तीनों रेलवे क्रॉसिंग पर रोजाना 25 हजार से ज्यादा वाहन जाम में फंसते हैं। बार-बार क्रॉसिंग बंद होने से 80 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित होते हैं। अंडरपास निर्माण से यह समस्या खत्म हो जाएगी। डीआरएम कार्यालय और कारखाना अंडरपास का निर्माण 90 फीसदी हो चुका है।