फ्लाइट में महिला इंजीनियर और महिला क्रू ही करेंगी ऑपरेट
बरेली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बरेली से दिल्ली शुरू हो रही हवाई सेवा की कमान महिला पायलटों के हाथ होगी। खास बात यह रहेगी इसमें इंजीनियर से लेकर क्रू ऑपरेट महिला ही करेंगी। एयर इंडिया की फ्लाइट में ज्वाइंट सेक्रेटरी सिविल एविएशन डिपार्टमेंट ऊषा पाढ़ी और एलाइंस एयर की सीईओ हरप्रीत सिंह भी दिल्ली से साथ में आएंगी।
दिल्ली से पहली उड़ान अंतर्राष्ट्रीय इंदिरा गांधी एयरपोर्ट स्थित टी-3 से एलाइंस एयरलाइंस का एटीआर 72 सुबह 10 बजे बरेली के लिए उड़ान भरेगा। खास बात यह है कि फ्लाइट को महिला पायलट ही उड़ाएंगी, इसमें महिला इंजीनियर रहेंगी, इस पूरे फ्लाइट को पूरा महिला क्रू ही ऑपरेट करेगा। इनके अलावा मेंबर प्लानिंग एके पाठक, रीजनल एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर बीके कामरा, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एमएनएन राव, संगीता माहे भी आएंगी। निदेशक बरेली एयरपोर्ट राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि बरेली-दिल्ली उड़ान अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट स्थित टी 3 से निर्धारित दिनों में परिचालन होगा। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा है कि महिला दिवस पर दिल्ली-बरेली और बरेली-दिल्ली मार्ग पर पहली उड़ान महिलाओं के लिए समर्पित होगी, इसके तहत एलाइंस वायुयान क्रू सदस्य यानी पायलट और एयर होस्टेज भी महिलाएं होंगी। नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता। जहां स्त्रियों की पूजा होती है वहां देवता निवास करते हैं। यह बड़े सौभाग्य की बात है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का आठवां एयरपोर्ट बरेली में शुरू होने जा रहा है।