बरेली। रंग-बिरंगी लाइटों से सजा बरेली क्लब का मैदान, दुकानों पर ग्राहकों की भीड़, फूड स्टालों पर व्यंजनों का जायका लेते लोग, झूले पर छोटे बच्चे, रावण, मेघनाथ, कुंभकर्ण के पुतले के साथ सेल्फी लेते युवा। यह नजारा शनिवार को रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से बरेली क्लब मैदान पर आयोजित दशहरा मेले में दिखा। शहरवासियों की आमद से दूसरे दिन भी मेला गुलजार रहा। मेले का शुभारंभ एडीजी रमित शर्मा ने किया। महिलाओं ने कश्मीरी शॉल व सूट आदि की खरीदारी की। मुंबई की भेलपुरी का स्वाद भी लिया।
मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। वॉयस ऑफ बरेली प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में विवान सक्सेना को पहला, आदिश्री शंकर को दूसरा व योगिता को तीसरा स्थान मिला। दक्षा उपाध्याय विशेष पुरस्कार दिया गया। सीनियर वर्ग में शिव शंकर प्रथम, अभिषेक सक्सेना द्वितीय, आदित्य श्रेष्ठ तृतीय, अनुष्का गंगवार को विशेष पुरस्कार मिला। रोटरी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नृत्य की प्रस्तुति दी। संदीप मेहरा ने बताया कि रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन रविवार रात 10 बजे मेला मैदान पर किया जाएगा। इस दौरान रवि प्रकाश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, वीरेश मित्तल, रोशन अग्रवाल, पूर्व महापौर डॉ. आईएस तोमर, दिनेश गोयल ,अनूप अग्रवाल, चरन कमल सिंह, राजीव बूबना, शरद अग्रवाल, राकेश धीरवानी, मुकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद