आंवला। वीहट हाजीपुर गांव में विवाहिता सुमिता (23) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज की खातिर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाकर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, ससुराल वालों का कहना है कि फंदे से लटककर विवाहिता ने आत्महत्या की है।
थाना भमोरा के गांव मई कीरतपुर निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि तीन साल पहले उन्होंने अपनी बेटी सुमिता की शादी हाजीपुर गांव निवासी पुष्पेंद्र के साथ की थी। सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया। इसके बाद भी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता। ससुराली बरेली में प्लॉट खरीदकर देने का दबाव बनाते।
सोमवार को दोपहर के समय एक रिश्तेदार ने कॉल करके बताया कि सुमिता की मौत हो गई है। तुरंत ही वह परिवार के अन्य लोगों को लेकर हाजीपुर पहुंचे। देखा तो बेटी का शव पड़ा हुआ था। ससुराली फरार थे। बेटी के गले पर निशान मिले हैं। आशंका है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
कोतवाल राजकुमार शर्मा, नायब तहसीलदार शोभित चौधरी ने गांव पहुंचकर जांच की। ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। पिता की तहरीर पर सुमिता के पति पुष्पेंद्र, ससुर वेदपाल, सास गुड्डी देवी, ननद मीरा व देवर लोकेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।