पति ने पत्नी के खिलाफ थाने में दी तहरीर, पुलिस ने समझाकर वापस भेजा
नवाबगंज। घरेलू विवाद के कारण एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। जानकारी मिलने पर उसके देवर ने दरवाजा तोड़कर उसे बचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पति ने थाने में जाकर तहरीर दी है। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद समझाकर घर भेज दिया है।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी महिला के पति ने बताया कि उनकी शादी 2022 में उत्तराखंड के उधमसिंह नगर की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी युवक और उसके माता-पिता से झगड़ा करती थी। जान देने की धमकी देती थी। पति पर माता-पिता से अलग रहने का दबाव बनाने लगी। घर का माहौल न बिगड़े, इसलिए वह अलग रहने लगे।
हाल ही में घर का बिजली बिल 2150 रुपये आया तो युवक के पिता ने उनसे आधा बिल जमा करने को कहा। इसी बात से नाराज होकर शनिवार को महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर फंदा लगाने की कोशिश की। पति ने अपनी पत्नी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। संवाद
-
महिला के परिजनों को थाने बुलाया
थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि पति-पत्नी का विवाद है। महिला के परिजनों को बुलाया गया है। दोनों के बीच वार्ता की जाएगी। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी ।
दंपती में हुई सुलह, पति और बेटे के साथ पटना लौटी
नवाबगंज। पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद में आखिरकार समझौता हो गया। महिला पति और बेटे के साथ पटना लौट गई।
कस्बे के मोहल्ला बिजौरिया की ब्यूटी कुमारी का विवाह तीन साल पहले बिहार के पटना जनपद के दानापुर स्थित चित्रकुट नगर निवासी ज्योति प्रकाश के साथ हुआ था। दंपती का एक साल का बेटा राजकुमार है। पति-पत्नी के आपसी मनमुटाव के चलते ब्यूटी 11 जून को अपने बेटे राजकुमार के साथ मायके नवाबगंज आ गई थी। पति के समझाने और वापस ले जाने के प्रयास के बावजूद वह ससुराल नहीं गई।
पति ने पटना स्थित मानवाधिकार उत्थान संस्थान को पत्र देकर मदद की गुहार लगाई। संस्थान की काउंसलर सलोनी सिंह अपनी टीम के सदस्य पिंकी, आरती और मंटू गोप के साथ नवाबगंज पहुंचीं। उनके साथ विवाहिता का पति ज्योति प्रकाश और जेठ अमित कुमार ने थाना कोतवाली पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई। टीम ने थाने पहुंचकर कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव और सीओ नीलेश श्रीवास्तव से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने विवाहिता को थाने बुलाया, जहां पटना से आई टीम और थाने की मध्यस्थता टीम ने दोनों पक्षों से अलग-अलग और संयुक्त रूप से बातचीत की। काफी देर चली काउंसलिंग के बाद दोनों के बीच आपसी सहमति बन गई।
काउंसलर सलोनी सिंह ने बताया कि आपसी बातचीत से विवाद का समाधान हो गया है और दंपती ने साथ रहने का निर्णय लिया है। संवाद