नवाबगंज। आवास के लिए एसडीएम दफ्तर पहुंची दलित महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। वहां मौजूद राजस्व कर्मियों ने उसे उठाया। उपचार कराने के बाद एसडीएम ने शिकायत्री पत्र लेकर बीडीओ को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं।
कुछ दिन पहले बारिश से भदपुरा के धनौर जागीर गांव की महिला का छप्परनुमा मकान गिर गया था। महिला अपने परिवार के साथ गांव के एक किसान के मकान में गुजर-बसर कर रही है। वह आवास योजना के लिए कई बार दफ्तरों के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। बुधवार को दलित महिला जगदेई पत्नी सोमपाल एसडीएम परिसर में पहुंची। इस बीच वह 20 मिनट तक बेहोश पड़ी रही तो राजस्व कर्मियों ने उसे उठाया। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम मल्लिका नैन ने महिला का प्राथमिक उपचार कराकर आश्वासन दिया है।
इस मामले में ग्राम प्रधान सुरभीक गंगवार ने बताया कि महिला का मकान बारिश में गिर गया है, जिसकी जानकारी बीडीओ को दे दी है। अभी साइट बंद है, जैसे ही खुलेगी। सबसे पहले महिला को आवास योजना की सुविधा दी जाएगी। संवाद