मीरगंज। नेशनल हाईवे पर अवंतिका पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दंपती को पीछे से आ रहे ट्रक से टक्कर लग गई। हादसे में बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका पति गंभीर घायल हो गया। दोनों एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में बृहस्पतिवार दोपहर शामिल होने के लिए निकले थे। तभी यह हादसा हो गया।
परिचितों के अनुसार, कस्बा शेरगढ़ के गांधी नगर मोहल्ला निवासी कौसल्या (50) पति राम सिंह के साथ बाइक से बृहस्पतिवार दोपहर 12:00 बजे सिंगरा गांव में किसी रिश्तेदार के यहां अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए जा रही थीं। राम सिंह बाइक चला रहे थे।
जब राम सिंह नेशनल हाईवे पर अवंतिका पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे महिला की रोड पर गिरकर मौत हो गई। राहगीरों ने महिला के पति को अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। संवाद