सीबीगंज (बरेली)। इलाके की एक महिला से पहले स्थानीय युवक ने दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर उसे 70 साल के बुजुर्ग को 10 लाख रुपये में बेच दिया। उत्तराखंड के रुद्रपुर में उसे बंधक बनाकर यौन उत्पीड़न किया गया। जैसे-तैसे छूटकर सीबीगंज थाने आई महिला ने तहरीर दी तो जांच शुरू की गई है।
एक गांव में किराये के मकान में रहने वाली महिला ने थाना प्रभारी को बताया कि वह गांव में एक व्यक्ति के यहां चौका बर्तन करती थी। चार माह पहले उस व्यक्ति ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे रुद्रपुर निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति को 10 लाख रुपये में बेच दिया।
रुद्रपुर में उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। उसका मोबाइल फोन, जेवर, अंगूठी और रुपये छीन लिए गए ताकि वह भाग न सके। तमंचा दिखाकर धमकाया जाता था, उसके साथ आए दिन कुछ लोग दुष्कर्म करते थे। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती और पीटा जाता था। पीड़िता किसी तरह वहां से भाग निकली और सीबीगंज पहुंची। अब आरोपी उसे ढूंढ़ रहे हैं और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं।
शुक्रवार शाम पीड़िता ने सीबीगंज थाने आकर तहरीर दी। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपों की गंभीरता देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सच्चाई का पता लगाकर आरोपियों पर कार्रवाई करेगी।