बीते दिनों वायरल हुई थी रिकार्डिंग
भाजपा नेता अनीस अंसारी का महिला से बातचीत की रिकार्डिंग वायरल हुई थी। इसके बाद उन्होंने खुद ही पद छोड़ने की पेशकश की थी। भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया। बीते शनिवार को महिला अपने बच्चों के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंची थी। एसएसपी के न मिलने पर वह स्टाफ को शिकायत देकर लौट आई थी। उसने अनीस अंसारी पर गंभीर आरोप लगाए।
महिला ने बताया कि अनीस अंसारी के हाथ से लिखे कागजात समेत कई ऐसे सबूत उसके पास आज भी सुरक्षित हैं, जिनके जरिये वह साबित कर सकती है कि वह उसे लंबे समय से पत्नी की तरह रख रहे थे। आरोप लगाया कि अनीस उसे बुर्का पहनाकर लखनऊ के होटल में ले जाते थे। वहां स्थायी रूप से पत्नी की आईडी लगा रखी थी। वह कई-कई दिन तक होटल में रहते थे। इससे पहले अनीस उसके घर आकर पति को बता देते थे कि पार्टी की मीटिंग के काम से लखनऊ जा रहे हैं।
निकाह नहीं करना था तो तलाक क्यों दिलवाया?
महिला का कहना था कि अनीस अंसारी ने उससे कहा कि पति से तलाक ले लो तो वह उसके साथ निकाह कर लेंगे। वह कम पढ़ी-लिखी है तो भी उसने यह बात लिखवाकर अनीस से दस्तखत करवा लिए। यह कागज उसके पास है। जब उसने पति को तलाक दे दिया तो अनीस ने निकाह से इन्कार कर दिया। पति ने छोड़ा तो वह किराये पर रह रही है, दो बच्चों को पालना मुश्किल हो रहा है। अनीस ने उसका मोबाइल फोन छीनकर सारे साक्ष्य मिटा दिए पर कॉल रिकार्डिंग बच गईं जिन्हें वह एआई तकनीक बता रहे हैं।