बरात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलाने वाले की तलाश में घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड भी पहुंचा लेकिन कुछ खास हाथ नहीं लगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर बाजार कोतवाली के मोहल्ला तारीन टिकली नई कॉलोनी में रविवार रात करीब आठ बजे मोहल्ले के ही दिनेश के बेटे शानू की बारात जा रही थी। पड़ोस में रहने वाले सूरज सक्सेना की 27 वर्षीय पत्नी रेखा उर्फ मोनी अपने घर की पहली मंजिल के छज्जे पर खड़ी होकर बरात देख रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो इस दौरान आतिशबाजी के साथ कुछ लोग हर्ष फायरिंग भी कर रहे थे। अचानक एक गोली रेखा उर्फ मोनी के सीने में जा लगी। गोली बायीं ओर सीने में धंस गई।
इस दौरान बारात गली से बाहर जा चुकी थी। कुछ देर बाद घर के लोगों ने देखा तो रेखा खून से लथपथ छज्जे पर पड़ी थी। उनकी मौत हो चुकी थी। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि गोली किसने चलाई। रेखा की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। करीब नौ माह का एक बेटा है। इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। महिला को गोली बरात निकासी के दौरान लगी या बारात निकल जाने के बाद, अभी कहा नहीं जा सकता। परिवार वाले अभी ज्यादा कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
इस मामले में सिटी एसपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि, मामले में जांच की जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि जब गोली लगी तब तक बरात गली से बाहर जा चुकी थी। वहीं कुछ लोग बरात के दौरान गोली लगने की बात कह रहे हैं। जांच की जा रही है। अभी पूरी तरह स्थिति साफ होने में समय लगेगा। परिवार वालों ने भी अभी कोई आरोप नहीं लगाया है।