आंवला। माहभर पहले मामूली विवाद में हुई मारपीट में घायल हुईं रजनी (75) की उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। रम्पुरा के पुष्पेंद्र ने बताया कि पांच जुलाई को गांव में आयोजित विवाह समारोह में खाना परोसने के दौरान तेजपाल, महेश, ऋषिपाल और मनोज से कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर भी पीटा था। बचाने आईं मां रजनी को भी पीटकर घायल कर दिया। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छुट्टी मिलने के बाद भी उनका उपचार कराया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया था। हालांकि चोटें ठीक न होने से मां की मौत हो गई। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि सूचना पर गई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। देर शाम को रजनी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।