उत्तर प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की बात भले ही कर रही हो लेकिन प्रदेश के शाहजहांपुर में एक महिला ने तहसील के गेट पर इसलिए फांसी लगा ली क्योंकि उसकी जमीन का फर्जी बैनामा कर दिया गया था। इसमें मिलीभगत प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की है। इसी के विरोध में महिला कई बार शिकायतें कर चुकी है। न्याय के लिए हर दर भटक चुकी है लेकिन अभी तक किसी तरह की कोई न्याय ना मिलने पर उसने मंगवार को तहसील गेट पर मौजूद पेड़ पर फांसी लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से महिला को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। महिला के पुत्र को इसकी सूचना दे दी गई है, जो दिल्ली में नौकरी करता है।