बरेली। थाना बारादरी के चक अब्बास नगर में सोमवार सुबह पति से तकरार के बाद महिला ने फंदे पर लटककर जान दे दी। प्रेम विवाह के 13 साल बाद हुए इस घटनाक्रम को लेकर मायके वालों से बात करने के लिए बारादरी थाना पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हुई है।
याकूब के घर दो माह पहले से शारिक नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी 30 वर्षीय मुस्कान और 12 साल के बेटे शाहरुख के साथ किराये पर रहने आया था। सोमवार सुबह मकान मालिक याकूब की सूचना पर बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय पहुंचे।
याकूब ने बताया कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया था। इससे नाराज होकर शारिक घर से निकल गया। रात में मुस्कान ने छत पर कुंडे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके शव का पोस्टमाॅर्टम कराया गया। इसमें हैंगिंग (लटकने) की पुष्टि हुई।
बारादरी इंस्पेक्टर ने बताया कि पारिवारिक विवाद में आत्महत्या का मामला है। फिलहाल कोई आरोप किसी ने नहीं लगाया है। महिला का पति भी पुलिस को मौके पर नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ जा रहा है। पता लगा कि करीब 13 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। महिला का मायका दिल्ली में है लेकिन वह लोग परिवार से वास्ता नहीं रखते थे। एक टीम दिल्ली भेजी है। ब्यूरो