बरेली में एक अजब मामला सामने आया है। शहर के एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। चारों शिशु स्वस्थ बताए गए हैं।
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र के सनइया रानी गांव निवासी शबनम ने सोमवार को मिनी बाइपास स्थित निजी अस्पताल में चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। जच्चा और चारों नवजात चिकित्सकों की निगरानी में हैं और सभी की हालत ठीक बताई जा रही है। एक साथ चार बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है।
विज्ञापन
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रप्रभा ने बताया कि एक साथ चार बच्चों का जन्म बेहद कम देखने को मिलता है। चिकित्सा विज्ञान में इसे चतुष्प्रसव (क्वाड्रुप्लेट बर्थ) कहा जाता है। ऐसे मामलों में समय से पहले प्रसव और नवजातों में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं की आशंका रहती है। इसलिए मां और बच्चों की विशेष निगरानी जरूरी होती है।