बरेली। दिल्ली से मालदा टाउन के बीच चलने वाली 14004 मालदा टाउन एक्सप्रेस में बृहस्पतिवार रात बिहार के भागलपुर की रहने वाली महिला ने बेटी को जन्म दिया। ट्रेन जंक्शन पर पहुंची तो मेडिकल टीम ने महिला और बच्ची की जांच की। आरपीएफ ने दोनों को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल भिजवा दिया। दोनों सुरक्षित हैं।
आरपीएफ के पोस्ट कमांडेंट मयंक चौधरी ने बताया कि बिहार के भागलपुर जिले के मोहदीपुर हरिदासपुर निवासी चंदन कुमार अपनी पत्नी और मां के साथ 14004 मालदा टाउन एक्सप्रेस के कोच एस-6 की सीट नंबर 73, 74 और 75 पर नई दिल्ली से मालदा टाउन की यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के मुरादाबाद से निकलने के बाद चंदन की गर्भवती पत्नी को प्रसव पीड़ा होने लगी। उन्होंने ट्रेन मैनेजर को बताया। इसके बाद सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम से रात 1:25 बजे सूचना आरपीएफ को मिली।
जंक्शन पर मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया, लेकिन ट्रेन के बरेली पहुंचने से पहले ही महिला ने बेटी को जन्म दे दिया। एक महिला यात्री की सहायता से प्रसव कराया गया। आरपीएफ ने महिला यात्री की सहायता को ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत दर्ज किया है। चंदन ने बताया कि उनकी पत्नी नौ माह की गर्भवती थी। ट्रेन तीन घंटे देरी से रात 1:41 बजे जंक्शन पहुंची। यहां से महिला और बच्ची को मेडिकल टीम के साथ अस्पताल भेज दिया गया।