बरेली। पीलीभीत में तैनात रहे घुंघचाई एसओ राजेंद्र सिंह सिरोही के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट कराने वाली महिला ने खुद पर दो रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पैंतरा बदल दिया है। उसने पीलीभीत एएसपी को दिए बयान में एसओ को क्लीनचिट दे दी है, साथ ही पूरा ठीकरा कैंट निवासी युवती के सिर फोड़ दिया है।
संजय नगर निवासी महिला ने महीनेभर पहले एसएसपी प्रभाकर चौधरी को पत्र देकर एसओ पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन पर दुष्कर्म जैसा गंभीर आरोप लगाया था। कुछ फोटो, वीडियो व कॉल रिकार्डिंग भी सौंपी थीं। एसएसपी ने इस मामले में बारादरी थाने में तत्काल रिपोर्ट दर्ज करा दी। वह एसओ की गिरफ्तारी को पीलीभीत टीम भेज रहे थे, इस बीच कुछ ऐसी चीजें पता लगीं कि उन्होंने टीम को रोक लिया। हालांकि मामला दर्ज होने के बाद उनकी रिपोर्ट पर पीलीभीत के एसपी ने सिरोही को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच एएसपी अनिल यादव को सौंप दी।
कई दिन से महिला के लापता होने से पीलीभीत के एएसपी ने उसके घर पर दो नोटिस चस्पा कराकर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था। अब महिला ने पीलीभीत जाकर एएसपी के समक्ष उनके कार्यालय स्टाफ को बयान दर्ज करा दिए हैं। वहां से निकली महिला का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह एसओ को क्लीनचिट देने की बात कह रही है। कहा है कि उनका कोई दोष नहीं है। कैंट निवासी युवती ने साजिश रची और एडिट फोटो व वीडियो कराकर उनसे शिकायत करा दी। वह मामले में जांच कराने को गई थी, लेकिन एसएसपी ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज करा दी। वह एसओ पर कोई कार्रवाई नहीं चाहती है, लेकिन युवती को नहीं छोड़ेगी।
000
पर्दे के पीछे मेरठ की महिला नेता
- वायरल वीडियो में महिला कैंट की युवती पर आरोप लगा रही है कि उसने मेरठ में भी नाबालिग लड़के पर दुष्कर्म की रिपोर्ट करा दी थी। दरअसल इस घटनाक्रम के पीछे मेरठ की एक महिला नेता बताई जा रही है, जिसके खिलाफ वहां एसएसपी रहते वक्त प्रभाकर चौधरी ने ही सख्त कार्रवाई कर उसे जेल भिजवाया है। वह महिला नेता अब इस महिला के संपर्क में आ गई है। दोनों ही अलग-अलग वीडियो वायरल कर रही हैं।
00
बारादरी पुलिस को भी तलाश
- एसओ पर रिपोर्ट कराने के कुछ दिन बाद महिला मेडिकल परीक्षण कराने गई थी और अस्पताल से पुलिस और डॉक्टर को गच्चा देकर चली गई थी। उसकी नाबालिग बेटी को तब बारादरी पुलिस ने अनाथालय भेज दिया था। एसओ संबंधी मामले में जांच आगे बढ़ाने के लिए बारादरी पुलिस को भी महिला की तलाश है पर वह थाने नहीं आ रही है। दरअसल इस बीच उसके खिलाफ एक मुकदमा बारादरी तो दूसरा कैंट थाने में दर्ज हो चुका है। पुलिस उसे गिरफ्तार भी कर सकती है।
00
वर्जन
- बरेली निवासी महिला ने एसओ घुंघचाई रहे राजेंद्र सिंह सिरोही पर आरोप लगाए थे। इस मामले में जांच कर रहे हैं। महिला ने अब बयान दर्ज कराए हैं। फिलहाल कुछ नहीं कह सकते, जांच पूरी करके रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। - अनिल यादव, एएसपी