नकटिया चौकी के बाहर हुआ हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के कोतवाली क्षेत्र की जज कॉलोनी में किन्नर बनकर महिलाएं बधाई ले आईं। मामले की सूचना पर जब किन्नर गुट के लोग नकटिया स्थित महिला के घर शिकायत करने पहुंचे तो दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। किन्नरों ने कपड़े उतार दिए, जिससे लोगों की नजरें शर्म से झुक गईं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने मामला शांत कराया। देर शाम पुलिस ने किन्नरों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बृहस्पतिवार को किन्नर ग्रुप ने कैंट थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका ग्रुप कोतवाली क्षेत्र में जज कॉलोनी में बधाई लेने गया था। वहां जाकर पता चला कि पहले ही किन्नर बनकर नकटिया क्षेत्र में डेरे में रहने वाली महिला किन्नरों के नाम पर बधाई लेकर जा चुकी है। मामले की शिकायत करने जब किन्नर ग्रुप के लोग महिला के डेरे पर पहुंचे तो आरोप है कि ममता, मुन्नी, निशा, मन्ना ऊर्फ लक्ष्मी, गोपाल, विक्रम, मुकेश और मन्ना ने किन्नरों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद नाराज किन्नरों ने बीच सड़क पर कपड़े उतारकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद किन्नरों ने नकटिया पुलिस चौकी के सामने भी कार्यवाही की मांग को लेकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किन्नरों को बमुश्किल शांत कराया। कैंट इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि किन्नरों की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।