बरेली। पेंसिल पैकिंग का काम देने का झांसा देकर गांधीनगर कॉलोनी निवासी मंदीप कौर से 69,500 रुपये ठग लिए गए। पीड़िता ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंदीप कौर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने 11 सितंबर को फेसबुक पर पेंसिल पैकिंग के काम का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर पंकज नाम के व्यक्ति ने उनसे बात की। पंकज ने मंदीप कौर को हर महीने 30 हजार रुपये कमीशन देने का लालच दिया।
12 सितंबर को एक डिलीवरी मैन ने उनसे संपर्क किया और सामान देने के बदले भुगतान करने को कहा। आरोपी ने क्यूआर कोड भेजकर मंदीप कौर से अलग-अलग खातों में कुल 69,500 रुपये ट्रांसफर करा लिए। रुपये भेजने के बावजूद उन्हें कोई सामान प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ।
पीड़िता ने बताया कि ठगी के बाद भी कई दिन तक वह इसी उधेड़बुन में रहीं कि उनकी रकम उन्हें वापस मिल गए। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।