नवाबगंज। बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला को झांसा देकर कागज की कतरन थमाकर एक युवक ने 20 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक आरोपी का पता नहीं चला है।
मोहल्ला चाणक्यपुरी निवासी रामचंद्र राज मिस्त्री हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पत्नी मुन्नी देवी कस्बे में पटेल चौक के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से रुपये निकालने के लिए गईं थीं। वह पढ़ी-लिखी नहीं हैं। इस वजह से उन्होंने वहां खड़े युवक से फार्म भरवा लिया।
रुपये निकालने के बाद घर आते समय पीछे से आए युवक ने बैंक के बाहर ही उन्हें रोक लिया। कहा कि उसे 1.50 लाख रुपये जमा करने हैं। उसे 20 हजार रुपये खुले चाहिए। रुमाल की पोटली देते हुए कहा कि इसमें 1.50 लाख रुपये हैं। झांसे में लेकर आरोपी ने पत्नी से 20 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद वह सड़क की ओर चला गया।
काफी देर तक जब वह लौटकर नहीं आया तो पत्नी ने पोटली खोलकर देखी, उसमें कागज की कतरन भरी हुई थी। मुन्नी देवी ने तलाश की मगर आरोपी नहीं दिखा। इसके बाद वह तहरीर लेकर थाने पहुंचीं।