बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में सोनी (22) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे सोनी के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजकर पति हिमांशु को हिरासत में लिया है। हाफिजगंज के गांव सुंदरी की सोनी की शादी चार साल पहले शांति विहार कॉलानी निवासी सिक्योरिटी गार्ड हिमांशु से हुई थी। पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंची सोनी की मां सुमन ने बताया कि शादी के बाद से ही हिमांशु और उसके परिवार के लोग उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान करते रहते थे।
कई बार उनका बेटा हिमांशु के खाते में रुपये ट्रांसफर किया। सोमवार की शाम हिमांशु ने सोनी की पिटाई की और फिर लकड़ी की पटली से गला दबाकर हत्या कर दी। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
वहीं, हिमांशु का कहना था कि साेनी किसी बात से नाराज होकर फंदा लगाकर जान दी है। उसकी मां रामा देवी ने कहा कि सोनी और हिमांशु के बीच अक्सर शराब पीने को लेकर विवाद होता था। सोमवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद हिमांशु घर से बाहर चला गया।
शाम को जब वह लौटा तो सोनी ने दरवाजा नहीं खोला। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो वह फंदे से लटकी मिली। उधर, इस संबंध में सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि मायके पक्ष के आरोपों की जांच की जा रही है। ब्यूरो