बरेली के भमोरा इलाके में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। अपने परिवार के साथ पूर्णागिरी धाम से लौट रही विवाहिता चलती ट्रेन से गिर गई। उसका सिर पोल से टकराया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बरेली में पूर्णागिरी देवी के दर्शन कर लौट रही 25 वर्षीय महिला की बुधवार सुबह ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। यह घटना भमोरा थाना क्षेत्र में रम्पुरा अंडरपास के पास हुई। महिला गर्मी और उमस के कारण उल्टी करने के लिए ट्रेन के दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान हादसा हो गया।
विज्ञापन
मृतक महिला की पहचान बदायूं के कादरचौक थाने के गांव बमनौसी निवासी खुशबू गुप्ता के रूप में हुई है। वह अपने पति अंकित माहेश्वरी और मां के साथ यात्रा कर रही थी। खुशबू नवंबर में ही शादी के बंधन में बंधी थी। ट्रेन से गिरने के बाद उसका सिर लोहे के पोल से टकरा गया। उसे गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भमोरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
ऐसे हुआ हादसा
खुशबू गुप्ता पूर्णागिरी देवी के दर्शन कर अपने घर लौट रही थीं। यात्रा के दौरान उन्हें गर्मी और उमस के कारण जी मिचलाने लगा। उल्टी आने की बात कहकर वह ट्रेन के दरवाजे पर बैठ गई थीं। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर गईं। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।