नवाबगंज। गांव चुनुआ में प्रेमी के साथ जाने की जिद पर महिला अड़ी। उसके अगले दिन शुक्रवार को एक मकान में ग्रामीण का शव लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर जांच की। ग्रामीण पारिवारिक कलह के कारण अवसाद में था। ग्रामीण इसे आत्महत्या से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के चुनुआ गांव के 32 वर्षीय कुंवरसेन खेती-किसानी करते थे। ग्रामीण मोहन लाल ने बताया कि कुंवरसेन की पत्नी दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी। लोगों ने समझाकर पत्नी और बच्चों को वापस घर बुला लिया, लेकिन उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ तीसरी बार उसी आरोपी के साथ जाने की जिद पर अड़ी थी। इसको लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। इससे परेशान होकर कुंवरसेन ने आत्मघाती कदम उठा लिया। थानाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलते ही जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-
भमोरा भी युवक ने की खुदकुशी
घरेलू क्लेश के कारण था परेशान, गांव कुड्डा का मामला
भमोरा। घरेलू क्लेश के कारण एक गांव निवासी युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
गांव कुड्डा निवासी परिजनों के अनुसार, 28 वर्षीय टीकाराम ने शुक्रवार दोपहर घर के ऊपरी मंजिल में बने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय सभी काम कर रहे थे। लौट के आकर देखा तो टीकाराम का शव फंदे पर लटका हुआ था। टीकाराम के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।
यह था तकरार का कारण
ग्रामीणों के अनुसार, टीकाराम दो माह पूर्व एक रिश्तेदार युवती को ले आया था। कुछ दिन युवती को वापस भेज दिया। इसको लेकर पति और पत्नी में घरेलू क्लेश चल रहा था। इसके कारण टीकाराम ने आत्महत्या कर ली। एसओ सनी चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।