भोजीपुरा। नैनीताल हाईवे किनारे गांव बिलवा में ट्रांसफार्मर फुंक गया। यहां पिछले चार दिन से बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। शिकायत के बाद भी ऊर्जा निगम के अफसर सुनने को तैयार नहीं है।
ब्लाॅक क्षेत्र भोजीपुरा का गांव बिलवा बरेली शहर की सीमा से सटा हुआ है। गांव में चार ट्रांसफार्मर लगे हैं। लेकिन जिस ट्रांसफार्मर से सबसे अधिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाती है, वह चार दिन पहले फुंक गया था। विद्युत उपकेंद्र फरीदापुर (इज्जत नगर) से यहां बिजली की आपूर्ति होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि उपकेंद्र पर शिकायत के वाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। इन दिनों पड़ रही उमसभरी गर्मी में लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के बदले जाने में जानबूझ कर देरी की जा रही है।
लाइनमैन से जेई तक की शिकायत, सुनवाई नहीं
बिजली सब स्टेशन पर शिकायत की, क्षेत्र के लाइनमैन से भी कहा, लेकिन उनकी बात न जाने क्यों नहीं सुनी जा रही है। चार दिन से बिजली नहीं होने से सभी उपभोक्ता परेशान हैं। -मोहन सिंह, बिलवा
मैंने जेई को मोबाइल फोन से काॅल की, लेकिन रिसीव नहीं हुई। लाइनमैन से शिकायत की तो उसने भी कोई तवज्जो नहीं दी। सभी उपभोक्ता बेहद परेशान हैं। - अभिषेक कश्यप, बिलवा।