नवाबगंज। पशु नहलाने पहुंचे ग्रामीणों में तालाब में मगरमच्छ देखते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ लिया। बाद में वन विभाग की टीम मगरमच्छ को देवहा नदी में छोड़ दिया।
गेला टांडा गांव के बाहर तालाब में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के नरेंद्र राठौर अपने पशुओं को नहलाने ले गए थे। जैसे ही तालाब के पास पहुंचे किनारे बैठा एक मगरमच्छ तेजी के साथ पानी में घुस गया। इसकी सूचना उन्होंने ग्रामीणों को दी सैकड़ों लोग मगरमच्छ देखने तालाब पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना कोतवाल गौरव सिंह को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को ले जाकर देवहा नदी में छोड़ दिया।