बरेली। इस्लामियां कॉलेज मैदान में होने वाले ताजुशरिया के उर्स की अनुमति निरस्त होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। शनिवार शाम इस्लामियां कॉलेज गेट पर आरआरएफ तैनात कर दी गई, जिससे कोई शरारत न कर सके। कोतवाल पंकज वर्मा देर रात तक बिहारीपुर चौकी में डेरा जमाए रहे। पुलिस के इशारे पर ठेकेदार ने अपना टेंट उखाड़ना शुरू कर दिया।
नौ जुलाई को इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान में ताजुशरिया का पहला उर्स होना था, जिसकी तैयारी में टेंट लगना शुरू हो गया था। शनिवार को प्रशासन ने उर्स की अनुमति निरस्त कर दी। पुलिस को आशंका थी कि कुछ शरारती तत्व इस मौके का नाजायज फायदा उठाकर माहौल बिगाड़ सकते हैं। इसके मद्देनजर कोतवाल पंकज वर्मा कई दरोगा और सिपाहियों के साथ बिहारीपुर चौकी जा पहुंचे और देर रात तक वहीं जमे रहे। आरआरएफ की एक कंपनी इस्लामियां कॉलेज गेट पर तैनात कर दी गई। इस्लामियां कॉलेज गेट के सामने रोड पर जमा होने वाले लोगों को पुलिस ने टिकने नहीं दिया। उर्स की तैयारी के लिए लगाया जा रहा टेंट पुलिस के कहने पर ठेकेदार के कर्मचारियों ने खुद उखाड़ना शुरू कर दिया।
कोतवाल ने दी थी स्पष्ट रिपोर्ट
करीब पांच महीने पहले सिटी मजिस्ट्रेट ने ताजुशरिया के उर्स की अनुमति देने से पहले कोतवाली पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी। कोतवाल के मुताबिक उन्होंने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा था कि यह प्रथम उर्स है, कृपया अपने विवेक से निर्णय लें। शायद तब प्रशासन ने कोतवाली पुलिस की रिपोर्ट पर ध्यान नहीं दिया।
22 जून हुई थी प्रशासन की बैठक
विरोध से पहले प्रशासन उर्स कराने की पूरी तैयारी में था। उर्स की तैयारियों को लेकर 22 जून को कलेक्ट्रेट में बैठक भी हुई थी। इसमें प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, बिजली समेत लगभग सभी विभागों के अफसर मौजूद रहे थे।
सुरक्षा इंतजाम में लगाते रहे पुलिस अफसर
उर्स के को लेकर असमंजस की स्थिति होने के बावजूद पुलिस अफसर शनिवार को सुरक्षा इंतजाम में जुटे रहे। पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा में पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बल के जवान भी मुस्तैद रहेंगे। मुरादाबाद रेंज से भी पुलिस बल मंगाया जाएगा।
अफवाहों का बाजार गर्म, पुलिस अलर्ट
उर्स की अनुमति निरस्त होने पर शहर में तरह-तरह की अफवाहें उड़ने लगीं। पहले अफवाह फैली कि शहर के मुसलमान आला हजरत दरगाह पर इकट्ठे हो रहे हैं। दूसरी अफवाह उड़ी कि शहर के सारे मुसलमानों को इस्लामियां कॉलेज के मैदान पर बुलाया गया है। इसी बीच तीसरी अफवाह फैली कि शहर में कुछ भी हो सकता है। सभी लोग अपने घरों में सामान भर लें। उधर, अफवाहों के मद्देनजर समूचे शहर की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। सर्किल अफसर, थानेदार और चौकी इंचार्ज अपने इलाके पर नजर बनाए रहे। एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने बताया कि शहर में पूरी तरह शांति है। एहतियातन पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।