बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज अंतर्गत छेदीपुर गांव के पास रविवार दोपहर गन्ने के खेत में खाद डाल रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर बाघ ने हमला कर दिया। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक ही हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों के शोर-गुल मचाने पर बाघ गन्ने के खेत में छिप गया। लोगों ने सूचना थाना मैलानी पुलिस समेत वन विभाग को दी। घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर मैलानी ने तीनों घायलों को इलाज के लिए गोला सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज अंतर्गत भरिगवां बीट जंगल से सटे छेदीपुर गांव निवासी सफाई कर्मी राम निवास (38), उसका पुत्र गुलशन (18) के अलावा भाई हरिओम (33) दोपहर करीब तीन बजे गन्ने के खेत में खाद डालने गए थे। इसी बीच वहां छिपे बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में रामनिवास के सिर, आंख और मुंह में गहरे जख्म हुए है। यह देखकर आसपास के लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे, जिस पर बाघ उन्हें छोड़कर गन्ने के खेत में गुम हो गया। तीनों बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए थाना मैलानी के इंस्पेक्टर अशोक कुमार यादव ने गोला सीएचसी भेजा। इनमें से सफाई कर्मी राम निवास की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेनी (आईएफएस) / रेंजर मैलानी राजेश कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। टीम बाघ की लोकेशन पता लगाने में जुट गई है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
मैलानी रेंज की भरिगवां बीट जंगल से सटे छेदीपुर गांव के पास बाघ के हमले में तीन लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। बाघ की निगरानी के लिए वन विभाग की टीम को लगाया गया है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
- डॉ. अनिल कुमार पटेल, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन