पीलीभीत। आवारा कुत्तों के झुंड तृणभोजी वन्यजीवों के लिए घातक साबित हो रहे हैं। शनिवार को कलीनगर के गांव प्रसादपुर की सीमा में पहुंचे एक चीतल को कुत्तों ने हमला कर मार दिया।
जंगल में हिरन, चीतल समेत अन्य तृणभोजी वन्यजीवों की संख्या काफी अधिक है। वन्यजीव अक्सर जंगल स बाहर निकलकर खेतों में पहुंच जाते हैं। शनिवार को प्रसादपुर गांव के निकट एक चीतल पहुंच गया। खेतों की ओर घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने चीतल को घेरकर हमला कर दिया। चीतल को बुरी तरह नोंच डाला। किसी तरह छूटकर चीतल आबादी के निकट पहुंचा तो ग्रामीणों को जानकारी हुई।
ग्राम प्रधान ने सामाजिक वानिकी विभाग को सूचना दी। वन दरोगा अजमेर सिंह, कंधईलाल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चीतल की मौत हो चुकी थी। शव को दफना दिया गया। शुक्रवार को भी तहसील क्षेत्र के गांव सुंदरपुर में आवारा कुत्तों के हमले में एक चीतल घायल हो गया था। रेंजर कपिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। वन्यजीवों को आबादी के निकट घायल अवस्था में देखने पर जानकारी देने की अपील की जा रही है।