इज्जतनगर के कुर्मांचल नगर निवासी कैलाश नयाल ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया शहर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मैनेजर हैं। परिजनों के मुताबिक, कैलाश की शादी आठ मार्च 2011 को सनसिटी विस्तार निवासी स्वाति भाकुनी से हुई थी। कुछ समय बाद ही दोनों में विवाद हो गया। अक्तूबर 2012 में कैलाश ऑस्ट्रेलिया चले गए। स्वाति ने बीमारी की बात कहकर साथ जाने से मना कर दिया।
अगले ही साल स्वाति ने कैलाश और उनके परिजनों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करा दी। कुछ परिचितों ने पंचायत कराई तो दोनों परिवारों में 12 लाख रुपये पर समझौते की बात हुई। आरोप है कि स्वाति पक्ष ने तलाक से पहले ही दिए गए एडवांस चेक बैंक में जमा करा दिए। कैलाश ने चेक का भुगतान रुकवा दिया। इस पर स्वाति के परिजनों ने कैलाश व उनके परिवार पर चेक बाउंस की एक और रिपोर्ट करा दी।
स्वाति ने कैलाश नयाल के खिलाफ बरेली कोर्ट में भरण-पोषण का केस कर दिया। कैलाश की मां गंगा देवी नयाल का आरोप है कि उनसे 30 लाख रुपये मांगे गए। इसके विरोध में गंगा देवी ने स्वाति की दूसरी शादी व खुद भी नौकरी करने का तर्क देकर पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। तब 24 अगस्त 2024 को गंगा देवी की ओर से स्वाति व उसके पिता स्टेट बैंक के रिटायर्ड मैनेजर महेंद्र सिंह भाकुनी के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई।
चार्जशीट में इन बातों का उल्लेख
इज्जतनगर थाने के दरोगा नितिन शिरीष ने इस केस की विवेचना की। उनके मुताबिक, मई 2022 में स्वाति ने कैलाश से तलाक लिए बिना दिल्ली विकासपुरी निवासी देवेंद्र सिंह रौतेला से दूसरी शादी कर ली। देवेंद्र बैंक ऑफ अमेरिका गुरुग्राम में कार्यरत हैं। स्वाति तब बैंक ऑफ स्कॉटलैंड की गुरुग्राम शाखा में काम करती थी। दोनों ने पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली से 88 लाख रुपये का लोन लिया। चार्जशीट में उल्लेख है कि स्वाति ने तलाक लिए बिना दूसरी शादी करके कोर्ट और पुलिस को गुमराह किया है। यह आर्थिक लाभ उठाने का प्रयास है। विवेचक ने धोखाधड़ी और कूटरचना संबंधी कई महत्वपूर्ण साक्ष्य लगाए हैं। इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि विवेचना पूरी होने के बाद सीजेएम कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।
न तो बेटी ने दूसरी शादी की, न ही दामाद कोर्ट में हाजिर हुआ
स्वाति के पिता रिटायर्ड बैंक मैनेजर महेंद्र सिंह भाकुनी ने बताया कि कैलाश की मां ने रिकॉर्ड में बेटे व बहू को घर से निकालकर संपत्ति से बेदखल दिखाया है। फिर वह बेटे की ओर से रिपोर्ट कैसे करवा सकती हैं? स्वाति ने दूसरी शादी नहीं की है। ये सब कैलाश के घरवालों का फैलाया भ्रम है। कैलाश और उसकी मां गंगा नयाल ने पहले 12 लाख में समझौता किया, फिर पांच लाख तक आ गए। इसके बावजूद कोई बात नहीं बनी। कैलाश ने ऑस्ट्रेलिया में ही शादी कर ली है। उसके खिलाफ स्थानीय कोर्ट से लगातार वारंट जारी हो रहे हैं, लेकिन वह आज तक हाजिर नहीं हुआ। चार्जशीट का कोर्ट में जवाब देंगे।