61 सुहागिनों से 23.86 लाख की होनी है वसूली
आंवला तहसील के गांवों में पेंशन लेने वाली सुहागिनों से वसूली के लिए अप्रैल में 27 लोगों के नाम से आरसी जारी हुई थी। पहले भी 2023 में इसी तहसील की 34 सुहागिनों को आरसी जारी है। इस तरह कुल 61 अपात्र महिलाओं से 23.86 लाख रुपये पेंशन राशि वसूली की कार्रवाई चल रही है। इसमें एक-एक महिला से 14 हजार से 69 हजार रुपये तक वसूली होनी है। इसी मामले की जांच रिपोर्ट एसडीएम ने डीएम को दी है।
भीमपुर की देवरानी-जेठानी ले रहीं विधवा पेंशन
आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक के गांव भीमपुर की परवीन पत्नी मुनेश कुमार और सुनीता पत्नी चंद्रपाल देवरानी-जेठानी हैं। दोनों के पति जीवित हैं और वह छह साल से विधवा पेंशन ले रही थीं। दोनों को 69-69 हजार रुपये की आरसी जारी है। परवीन ने बताया कि उनके पास आंवला के कुछ दलाल आए थे, जो महामाया पेंशन बनवाने के लिए उनसे कागज और 3 हजार रुपये लिए थे। खाते में जब तीन महीने की पेंशन आई तो पहली किस्त की धनराशि भी ले ली थी। उन्होंने कहा कि जब उन्हें पता चला तो दलाल से पेंशन लेने से इन्कार किया था, लेकिन उसने पेंशन बंद नहीं कराई। उनके पति मुनेश मजदूरी करते हैं।
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि एसडीएम की जांच रिपोर्ट मिल गई है। जांच के दौरान पेंशन योजना में काफी अनियमितताएं मिली हैं। संबंधित दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं।