बरेली। सदर तहसील में सहायक चकबंदी अधिकारी (एसीओ) कार्यालय में रहपुरा जागीर के ढाई दर्जन से अधिक किसान कानूनगो-लेखपाल के पांच घंटे इंतजार के बाद बैरंग लौट गए। इन किसानों को चकबंदी कर्मियों ने मंगलवार सुबह 10 बजे एसीओ कार्यालय बुलाया था, लेकिन खुद कानूनगो-लेखपाल ही नहीं आए तो वह लोग अपराह्न तीन बजे घर चले गए। इन किसानों में किसी को अपने चक संबंधी आदेश की कॉपी लेनी थी तो किसी को नकल या अन्य राजस्व अभिलेखों की छायाप्रतियां।
मीरगंज तहसील के गांव रहपुरा जागीर के किसान मंगलवार दोपहर ढाई बजे तक एसीओ कोर्ट में मौजूद बाबुओं की कुर्सी-मेज के पास जमीन पर बैठे कानूनगो-लेखपाल का इंतजार कर रहे थे। कई किसान इंतजार में ऊबकर कोर्ट के बाहर सदर तहसीलदार के चैंबर के बाहर इधर-उधर खड़े थे। पूछने पर बताया कि उनके गांव में वर्ष 1980 से चकबंदी चल रही है, जो अधिकारियों और कानूनगो-लेखपाल की गलत नीतियों के कारण अब तक पूरी नहीं हो सकी है। यहां तक कि उन्हें चकबंदी कोर्ट से हुए आदेशों की कॉपी तक नहीं मिली है और न ही कोई नकल एवं खतौनी आदि कागज दिए जा रहे हैं। एसीओ कार्यालय में बैठे कानूनगो उमेश सिंह व सहजना के लेखपाल ने बताया कि वह लोग दूसरे सर्किल के हैं। कोर्ट में एसीओ मुकेश कुमार भी नहीं थे।
किसान अजय पाल ने बताया कि उनके चक के संबंध में एसओसी कोर्ट ने 18 सितंबर 2025 को आदेश जारी किया था। आदेश उन्हें नहीं मिल पाया है। पेशकार आदेश पर कानूनगो-लेखपाल की रिपोर्ट लगने के बाद देने की बात कह रहे हैं और कानूनगो-लेखपाल खोजे नहीं मिल रहे हैं। नत्थू लाल ने बताया कि उनके मुकदमे में भी सीओ (चकबंदी अधिकारी) के यहां से महीने भर पहले आदेश हो गया, पर आदेश का कागज नहीं मिला है। कानूनगो ने एसीओ कार्यालय में बुलाया था। संवाद
-
जगपाल को कब्जा नहीं, अनूप की जमीन फैक्टरी मालिक को दी
जगपाल ने बताया कि उनकी मूल चार बीघे जमीन पर अन्य किसान ने तीन महीने पहले कब्जा पा लिया और कानूनगो-लेखपाल ने उनका चक कहां बनाया है, यह कानूनगो-लेखपाल बता नहीं रहे हैं। किसान अनूप पाल की जमीन एक फैक्टरी मालिक को नापकर दे दी और उस जमीन को चकबंदी से बाहर कर दिया गया। अब उस जमीन की पैमाइश और मालियत लगवाने को अनूप ने सीओ के यहां प्रार्थना पत्र दे रखा है। 12 सप्ताह हो गए, लेकिन कानूनगो ने उनके प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट तक नहीं लगाई है।
रहपुरा जागीर के किसान कानूनगो-लेखपाल के इंतजार में सदर तहसील में एसीओ के यहां क्यों बैठे रहे। उन्हें हमारे कार्यालय आ जाना चाहिए था। फिर भी कानूनगो से पूछते हैं कि किसानों को क्यों बुलाया और उन्हें क्यों नहीं मिले। किसानों की समस्या निस्तारित करेंगे और अब तक गांव की चकबंदी पूरी हो गई है अंतिम अभिलेख तैयार हो रहे हैं।- पवन कुमार सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी