हत्यारोपी फिजियोथेरेपिस्ट विमल दिवाकर बोला- नशे में हो गई गलती, प्रेम संबंध होने से किया इन्कार
बरेली। इवेंट मैनेजर पूजा राना की हत्या के आरोपी विमल दिवाकर ने पुलिस की पूछताछ में पूरी कहानी बयां कर दी। उसने दावा किया कि वह और पूजा दोनों नशे में थे। पूजा ने उसके रुपये देने से इन्कार कर दिया और फिर उसकी कार खुद चलाकर दो-तीन जगह टक्कर मार दी तो उसे गुस्सा आ गया। उसने मफलर से गला कसकर पूजा की हत्या कर दी। फिर खुद को बचने के लिए गलतियां करता और निशान छोड़ता रहा।
पैर में गोली लगने के बाद घायल विमल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में उसने एसपी सिटी को बताया कि वह 27 वर्ष का है, जबकि पूजा 30 साल की थी। फिजियोथेरेपिस्ट का काम नहीं चला तो दो साल से वह भी इवेंट मैनेजमेंट के धंधे में आ गया था। पूजा कई साल से यह काम कर रही थी। पूजा के पास लड़के व लड़कियों का बड़ा ग्रुप था जो शादी समारोहों में वेटर आदि का काम करते थे। साथ में कई कार्यक्रम किए तो पेशेवर रिश्ता था, इसमें प्रेम प्रसंग जैसा कुछ नहीं था।
विमल ने बताया कि 12 जनवरी को डोहरा रोड के एक बरातघर में इवेंट था। अपराह्न तीन बजे पूजा उससे मिली। वह अपनी आई-20 कार से था। दोनों रामगंगानगर की निर्माणाधीन कॉलोनी के पास कार घुमाते रहे। उसके पास कुछ बीयर थीं, जिसे दोनों ने पी ली। पूजा को सुरूर चढ़ा तो उसे हटाकर वह कार चलाने लगी। इस दौरान पूजा ने दो-तीन बार कार को कभी दीवार तो कभी पेड़ से टकरा दिया। इससे वह घबरा गया। इससे पहले उसने पूजा पर बकाया अपने 25 हजार रुपये मांगे तो उसने हिसाब बराबर होने की बात कही।
तब वह सिगरेट पीने के बहाने उतरा और पूजा लघुशंका के लिए। इस दौरान अंधेरा हो चुका था। वापस कार में आया तो उसने ड्राइवर सीट कब्जा ली। पूजा को मजबूरी में बराबर की सीट पर बैठना पड़ा। कार थोड़ा बढ़ी तो पूजा को झपकी सी आने लगी। तब उसने अपने मफलर से उसका गला कस दिया। पूजा निढाल होकर सीट पर गिरी तो उसने देखा कि उसकी सांसें थम चुकी हैं। तब उसका नशा काफूर हो गया। वह काफी देर शव को कार में लेकर घूमता रहा। फिर रिठौरा-भोजीपुरा मार्ग से काफी अंदर जाकर निर्जन स्थान पर शव दफना दिया। ब्यूरो