आंवला। मंडी स्थित क्रय केंद्र पर बाजरा खरीदने से मना करने पर किसान बाजरे से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर तहसील परिसर पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। किसान यूनियन कार्यकर्ताओं को सारी बात बताई। इस पर किसान नेताओं ने एसडीएम से शिकायत की। जिस पर एसडीएम ने समाधान का आश्वासन दिया।
तहसील क्षेत्र के गांव दसीपुर के ग्रामीण सुल्तान सिंह, अमरीश, गंगा सिंह, चैनपाल, द्वारिका सिंह व कस्बे के फैजुददीन आदि ने बताया कि वे तीन ट्रैक्टर-ट्राॅलियों में बाजरा लाद कर भमोरा रोड स्थित मंडी परिसर के बाजरा क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां मौजूद केंद्र प्रभारी ने उनका बाजरा खरीदने से इन्कार का दिया। वे यहां तहसील चले आए। वहीं, एसडीएम विदुषी सिंह ने क्रय केंद्र प्रभारी से किसानों का बाजरा तौलने के निर्देश दिए हैं। संवाद
आरोपों को बताया निराधार
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रोहिताश कुमार ने बताया कि किसानों का आरोप निराधार है। उनसे कहा गया था कि इस समय वारदाना खत्म हो गया है। इस कारण अभी उनको रुकना होगा और अगले दिन खरीदारी करने को कहा गया था।