बरेली के भोजीपुरा इलाके में अराजकतत्वों ने भजन बजने पर पड़ोसी के घर पर पत्थर बरसा दिए। पकड़े जाने पर वह झगड़ा करने पर उतारू हो गए। पीड़ित के साथ हिंदूवादी संगठनों के लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर प्यारेलाल निवासी धीरेंद्र के घर शाम को जब भी भजन बजते थे तो उनके घर पर पत्थर फेंके जाते थे। बुधवार शाम जब भजन बज रहे थे तभी धीरेंद्र के पिता मेहरबान सिंह अपनी छत पर छिप गए। थोड़ी देर में पड़ोसी यूनिस खां व उसके पुत्र शाहिद ने उनके घर पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जब मेहरबान सिंह ने विरोध किया तो यूनिस खां झगड़ा करने पर उतारू हो गया।
थाने पहुंचे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता
धीरेंद्र बुधवार रात नौ बजे भोजीपुरा थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष विवेक गंगवार व अन्य हिंदूवादी संगठनों के लोग भी थाने पहुंच गए। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष भोजीपुरा से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने धीरेंद्र की तहरीर पर यूनिस खां व शाहिद खां निवासी सैदपुर प्यारेलाल थाना भोजीपुरा के खिलाफ पत्थर फेंकने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष रामरतन सिंह ने बताया कि शाहिद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।