बरेली। बदायूं डिपो से संबद्ध पीलीभीत डिपो के सहायक यातायात निरीक्षक (एटीआई) ने स्पष्टीकरण मांगने पर बदायूं डिपो के एआरएम अजय कुमार सिंह पर वसूली का आरोप लगाते हुए आरएम दीपक चौधरी से शिकायत की है। एटीआई ने खुद की जान का खतरा बताते हुए किसी अन्य डिपो में स्थानांतरण करने की मांग की है।
एटीआई आलोक कुमार गौतम ने 24 जुलाई को एआरएम को पत्र देकर कहा था कि बदायूं डिपो क्षेत्र में 13 मार्गों पर चेकिंग की जिम्मेदारी अकेले उन पर है। डिपो में अत्यधिक भ्रष्टाचार होने के कारण अकेले चेकिंग संभव नहीं है। अगर भ्रष्टाचार का कोई मामला सामने आता है तो उनकी कोई जवाबदेही नहीं होगी। इस पर एआरएम ने एटीआई को नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया था। अब एटीआई ने आरएम से शिकायत करते हुए एआरएम पर आरोप लगाए हैं।
एटीआई का कहना है कि एआरएम ने उनके साथ अभद्रता की। उन पर परिचालकों से वसूली का दबाव बनाया। बदायूं डिपो के कर्मचारी मयंक माहेश्वरी और हिमांशु के जरिये उनको पकड़कर कमरे में बंद कराने की कोशिश की। वहीं, एआरएम अजय कुमार सिंह का कहना है कि उन्होंने चार जुलाई को ही बदायूं डिपो का चार्ज संभाला है। उसके बाद यहां लगातार सुधार हो रहा है। वह शासन की मंशा के अनुरूप काम कर रहे हैं। एटीआई के आरोप गलत हैं। एटीआई भ्रष्टाचार में शामिल है। संवाद