बरेली। बेशक इस शहर को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया गया हो मगर बारिश के बाद के हालात बताते हैं कि तैयारी किस हद तक अधूरी है। मंगलवार को दिन भर की बारिश के बाद सड़कों पर इस कदर पानी भर गया कि गाड़ियां फंस गई। गलियों का तो हाल और भी बुरा रहा। कुछ गलियों में कमर तक पानी भरा रहा। कई लोग गिरकर जख्मी हुए वो अलग।
स्मार्ट सिटी के तहत जिन छह वार्डों को एबीडी एरिया में चुना गया है। उनका भी हाल खराब रहा। गांधी उद्यान, रामपुर गार्डन क्षेत्र में जलभराव की समस्या रही। पुलिस लाइन रोड की ओर चल रही सीवर लाइन की खुदाई से दलदल सा हो गया है। ऐसे ही हालात श्यामगंज से सेटेलाइट तक रहे। यहां भी सीवर लाइन के लिए खोदी जा रही सड़क की मिट्टी के दलदल में लोग पूरे दिन फंसते रहे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि बारिश के बाद ही तत्काल टीम को चिह्नित स्थानों पर भेजकर पानी निकासी व्यवस्था में लगा दिया गया था। हजियापुर में मोहल्ले में सड़कों पर घुटनों तक पानी भरा रहा।
संजय नगरः शाम तक नहीं निकल सका गलियों में भरा पानी
यहां कई गलियों में पानी भरा रहा। देर शाम तक कई गलियों से पानी नहीं निकल सका। नगर निगम दावा करता रहा है कि बारिश के बाद गलियों से पानी निकालने के लिए टीमें लगा दी हैं मगर बारिश के बाद भी ऐसी कोई टीम नहीं दिखी। संजय नगर के मुख्य बाजार वाली सड़क पर जलभराव की स्थिति सबसे अधिक खराब रही। दुकानदारों का कहना है कि सड़क बीच में दबी हुई है। इससे स्थिति और अधिक खराब रहती है।
नगर आयुक्त आवासः दूसरों की छोड़ो.. साहब खुद पानी में
शहर के अन्य जगहों के हालात छोड़िए, नगर आयुक्त का आवास जिस रोड पर है, वहां ही जलभराव की स्थिति रही। खुद नगर आयुक्त के आवास के सामने ही जलभराव रहा। यहां भी बारिश के करीब एक घंटे बाद जलभराव निकल सका।
सुभाष नगर पुलियाः घंटे भर तक बंद रहा आवागमन
हर बार बारिश के बाद यह मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। यहां बारिश के दौरान लोगों की कमर तक पानी पहुंच गया था। इससे करीब एक घंटे तक लोग इस रास्ते से होकर ही नहीं गुजरे। कई बाइक पुलिया के नीचे आने के बाद बंद हो गईं। लोगों ने पैदल उतरकर बाइक को बाहर लेकर आए। करीब डेढ़ घंटे बाद पानी कम होने के बाद पुलिया के नीचे से आवागमन शुरू हो सका।
सिटी स्टेशन के सामनेः जलभराव से परेशान रहे लोग
सिटी स्टेशन के सामने गलियों में जलभराव की विकट स्थिति रही। यहां जलभराव से लोग परेशान रहे। बाइकों को निकालने में सबसे अधिक समस्या का सामना लोगों को करना पड़ा।
श्यामगंज से सेटेलाइटः दलदल में फंसे वाहन.. गिरकर जख्मी हुए लोग
श्यामगंज बाजार से लेकर सेटेलाइट तक सबसे अधिक व्यवस्था खराब है। यहां सीवर लाइन की खोदाई के बाद सड़क पर फैली मिट्टी ने पूरी सड़क पर दलदल पैदा कर दिया। कई बाइकें इस दलदल में फिसली और लोग चोटिल भी हुए। श्यामगंज बाजार की रोड से लेकर पेट्रोल पंप तक लोगों को बाइक निकालने में भी दिक्कतें हो रही थी। किसी तरह लोग बाइक को वहां से निकाल पा रहे थे। इसी तरह मालियों की पुलिया की ओर और इसाइयों की पुलिया पर नगर निगम ने नाला बनवाना करीब दस दिन पहले ही ही शुरू किया था। इससे यहां स्थिति और और अधिक खराब हो गई। बारिश के बाद हुए कीचड़ से पूरे दिन यहां जाम की स्थिति बनी रही।