बरेली। मंडल के चार जिलों के 12 गांवों में वेटलैंड को संरक्षित किया जाएगा। पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान 2024 की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मिशन छाया के तहत सार्वजनिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों के प्रांगण में छायादार पौधे रोपे जाएं।
बैठक में मुख्य वन संरक्षक रुहेलखंड जोन विजय सिंह ने अभियान के संबंध में विभागीय तैयारियों के बारे में जानकारी दी। मंडलायुक्त ने एक मार्ग-एक प्रजाति अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा पौधे रोपने के निर्देश दिए। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के डीएम, सीडीओ और डीएफओ ने अपने जिलों की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। मुख्य वन संरक्षक ने विरासत वाटिका, वेटलैंड संरक्षण, मित्र वन, मिशन छाया, एक मार्ग-एक प्रजाति, एक वृक्ष मां के नाम कार्यक्रम के संबंध में अधिकारियों को बताया।
उन्होंने बरेली में कपूरपुर, गोहाना व अमृता, बदायूं में सरसोता झील, समरेर तालाब व पिसनाहरी झील, शाहजहांपुर में फकरगंज झावर, हरसिंहपुर, सागर झील नाहिल और पीलीभीत में पसगवां, बमरौली, घेरा रिछोला झील वेटलैंड संरक्षित करने की योजना के बारे में बताया। बैठक में डीएम रविंद्र कुमार, सीडीओ जग प्रवेश समेत बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत के डीएम, सीडीओ और डीएफओ मौजूद रहे।