यूपी के बदायूं के उझानी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने जान पहचान का फायदा उठाकर युवक की शादी करा दी। दिन में शादी के बाद दुल्हन सुहागरात पर शौच के बहाने जेवर नकदी लेकर भाग गई। जब दुल्हन वापस नहीं लौटी तो इसका पता चला।
दूल्हे ने थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उझानी थाना क्षेत्र के गांव रावतपुर निवासी रमनपाल ने बताया कि उसकी जिला हरदोई के गांव दड़ियावा निवासी महिला से जान पहचान थी।
17 दिसंबर को महिला ने उसे कॉल की। उसने बताया कि उसकी सगी बहन की बेटी की शादी करनी है। अगर तुम चाहो तो तुम्हारे साथ शादी करा देंगे। दोनों में शादी को लेकर बातचीत हो गई। शुक्रवार को महिला, अपनी बहन व उसकी बेटी को साथ लेकर पटना देवकली के शिव मंदिर पर आ गई।
रमनपाल भी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंच गए। मंदिर में विधि विधान से दोनों का विवाह कराया गया। शादी के बाद रमनपाल दुल्हन को अपने घर ले गया। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन रमनपाल को इसकी भनक तक नहीं लगी कि दुल्हन के दिल में कुछ और ही चल रहा था।