बरेली में मंगलवार को सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। इसके चलते वाहनों चालक को लाइट जलाकर गुजरना पड़ा। वहीं, कड़ाके की सर्दी के कारण लोग ठिठुरते नजर आए।
बरेली में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता बेहद कम रही। सुबह 10 बजे के बाद भी कोहरा नहीं छंटा। सोमवार को भी सुबह के वक्त कोहरा छाया रहा था। इसका असर रेल, सड़क और हवाई यातायात पर भी देखा गया। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सोमवार को मुंबई-बरेली और बरेली-मुंबई की उड़ान को निरस्त कर दिया गया। तय समय पर एयरपोर्ट पहुंचे यात्री उड़ान निरस्त होने की जानकारी पर भड़क गए। किसी तरह समझाकर उन्हें शांत कराया गया। वहीं कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।
विज्ञापन
सोमवार को दिन में धूप खिली तो लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते ही कोहरा छाने लगा, जिससे गलन और ठिठुरन बढ़ गई। मंगलवार को सुबह पूरा जिला घने कोहरे की चादर से लिपटा रहा। घने कोहरे के चलते वाहनों चालक को लाइट जलाकर गुजरना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाने और तापमान में गिरावट होने का अनुमान जताया है।
शहर में 115 जगह अलाव की व्यवस्था
शहर में अभी तक 57 जगह अलाव जलाए जा रहे है, लेकिन बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम ने अब 115 जगह अलाव जलाने की व्यवस्था की हैं। जिससे लोगों को ठंड का सामना न करना पड़े। शहर में रात का पारा लगातार गिर रहा है। जिससे रात में रिक्शा चालकों, राहगीरों को ठंड में ठिठुरना पड़ता है। अन्य जगह अलाव जलने से लोगों को राहत मिलेेगी। वहीं कई जगह अलाव की लकड़ी देर से पहुंच रही है, जिसे लेकर नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए है।