बरेली में सप्ताहभर बाद अब फिर मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञ ने दो दिन तक तेज धूप और उमस की संभावना जताई है। इसके बाद अनुकूल माहौल बनने पर बारिश का अनुमान जताया है। रविवार को दिनभर धूप रही और उमस ने लोगों को पसीने से तरबतर किया। रात में भी लोग गर्मी से बेहाल रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियम तक पहुंच सकता है।
रविवार को हल्के बादल मंडराने के आसार थे, पर सुबह तेज हवा चलने से अनुकूल माहौल नहीं बन सका। आसमान साफ होने से तेज धूप निकली और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तपिश के साथ ही बेतहाशा उमस भी हावी रही।
छांव में खड़े होकर धूप से बचने की उम्मीद पर उमस भारी पड़ी। शाम को भी हवा में गर्माहट का अहसास लोगों ने किया। दिन और रात में भी पंखे बेअसर रहे। एसी, कूलर चलाकर लोगों को राहत मिली। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।