बरेली। पिछले हफ्ते भर से तेज धूप और उमस से बेहाल शहरवासियों पर आज से राहत मिलने की संभावना है। करीब चार दिनों तक शहर का मौसम खुशनुमा रहेगा उसके बाद हवाओं की दिशा बदलने से शहर पर मंडरा रहे बादलों का जमावड़ा खत्म होने से आसमान साफ होगा और तेज धूप खिलने से उमस हावी होगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक शहर में बादलों का जमावड़ा लगा है लेकिन कम दवाब का क्षेत्र बनने से हर दिन मध्यम खंडवर्षा हो रही है। सोमवार को शहर में सुबह बादल छाए लेकिन बारिश नहीं हुई बल्कि उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। तापमान में भी करीब एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उन्होंने मंगलवार को शहर में हवा की दिशा बदलने से कम दवाब का क्षेत्र बनने से मंडरा रहे बादलों के वर्षा करने के संकेत दिए हैं, हालांकि, धूप खिलने से शहर में उमस हावी होने की संभावना जताई है।