दुनका। रविवार की रात शाही पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी पकड़ी। साथ ही एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर कई असलहे एवं बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह अपने अधीनस्थों के साथ गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि आनंदपुर से दुनका की तरफ जाने वाले रास्ते के पूर्व में एक बाग में खंडहर के पास एक ग्रामीण असलहे बना रहा है। पुलिस टीम वहां पहुंची तो एक ग्रामीण टॉर्च की रोशनी में असलहे बना रहा था। पुलिस के पहुंचने पर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. अकरम (33) निवासी जाम बाजार खजूर गौंटिया थाना बहेड़ी बताया है।
उसकी तलाशी ली गई तो मौके पर उसके पास से दो बने हुए तमंचे, एक कारतूस, दो अधबने तमंचा, 12 बोर का एक अधबना 315 बोर तमंचा, एक पौनिया, दो नालें,हवा मशीन, हथौड़ी, छेनी रेती आदि उपकरण बरामद हुए। पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद