बरेली। विधायक प्रो. श्यामबिहारी लाल के निधन से कुछ ही देर पहले सर्किट हाउस में साथ मौजूद जनप्रतिनिधि भी हतप्रभ हैं। उन्होंने मौके के हालात बयां किए। बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने बताया कि बैठक के बाद सभी सहभोज के लिए रुके थे। वहां डॉ. श्याम बिहारी भी थे। बहुत अच्छे माहौल में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हंसी-मजाक भी चल रहा था। इस दौरान कब उनकी तबीयत बिगड़ी, हम लोग भी नहीं जान पाए। निधन की सूचना मिली तो घर पहुंचे।
सांसद ने बताया कि प्रो. श्याम बिहारी हमारे साथ वर्ष 2017 में विधायक थे और 2022 में वह दोबारा फरीदपुर से विधायक बने थे। वह रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में इतिहास विभाग के अध्यक्ष थे। उनका निधन सियासत के साथ ही शिक्षा जगह के लिए भी बड़ी क्षति है। वह जनता के बीच लोकप्रिय थे और यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं के बीच भी उनका बहुत सम्मान था। विद्यार्थी परिषद में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी निभाते थे।
समाजसेवा के लिए फरीदपुर में उनकी बहुत अच्छी पहचान बनी। सर्किट हाउस में बैठक के दौरान बरेली का ऐतिहासिक विश्लेषण करते हुए उन्होंने बहुत अच्छे सुझाव दिए। वह कैबिनेट मंत्री के सामने रामनगर स्थित जैन मंदिर पर बोल रहे थे तो हम उनके ज्ञान पर हैरत में थे। बरेली की जनता की ओर से दिवंगत विधायक के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
घर आने का दिया था न्योता, पर अब क्या बताएं...
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि सर्किट हाउस में बैठक के दौरान विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल और मीरगंज विधायक डीसी वर्मा आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। इस दौरान फरीदपुर विधायक ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। पांचाल महोत्सव को लेकर भी सुझाव दिया। पर्यटन की दृष्टि से भी कई ऐतिहासिक बातें बताईं। बताया कि बरेली शिवालिक क्षेत्र है। पचौमी में शिव मंदिर आठ-फुट नीचे से बना है। इसका विकास जरूरी है। इस पर डीएम ने शासन को अलग से प्रस्ताव भेजने की बात कही। बैठक के बाद हम सभी वहां पंडाल में भोजन करने गए थे। वहीं उन्हें कुछ पसीना आया और इशारा पाकर आदेश प्रताप उन्हें पंडाल से लेकर निकल गए थे। मंत्री ने बताया कि इस पूरे कार्यक्रम के बीच हम लोगों को अनहोनी का कोई अंदाजा ही नहीं हुआ। फरीदपुर विधायक के निधन से बहुत पीड़ा है। हमने तो उन्हें अपने घर आने का न्योता भी दिया था, पर क्या बताएं...। संवाद
इन्होंने भी जताया शोक
हमें व्यक्तिगत रूप से बहुत अफसोस है। उनके सरल स्वभाव के बारे में जितना कहें, कम है। निधन होने से कुछ पल पहले वह हम लोगों के साथ बैठक में थे और बरेली के पर्यटन विकास के लिए सुझाव भी दिया था। - डॉ. अरुण कुमार, वन मंत्री
प्रो. श्याम बिहारी बिल्कुल ठीक थे। अचानक पता नहीं क्या हुआ, कोई कुछ समझ ही नहीं पाया। हालांकि, बैठक में आने के दौरान उनके चेहरे की रौनक कुछ कम थी। उनके निधन से राजनीतिक और शिक्षा के क्षेत्र को बड़ी क्षति हुई है। - रश्मि पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत
एक्स से
प्रो. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से बहुत दुख हुआ। वे सरल, संवेदनशील और जनसेवा को अपना धर्म मानने वाले जनप्रिय विधायक थे। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास और जन कल्याण के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। - राजेश अग्रवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, भाजपा
उप्र के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल का आकस्मिक निधन बेहद दुखद है। वह भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता थे। उनका जाना भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। - जगत प्रसाद नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री
बरेली की फरीदपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन, अत्यंत दुखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं, भावभीनी श्रद्धांजलि। - अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, सपा
फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान देने एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। - जेपीएस राठौर, प्रभारी मंत्री
सपाइयों ने जताया शोक
बरेली। फरीदपुर विधायक प्रो. श्याम बिहारी के आकस्मिक निधन पर सपाइयों ने गहरा शोक व्यक्त किया गया। सपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, रविंद्र सिंह यादव, अशोक यादव समेत सुरेंद्र सोनकर, कलीमुद्दीन, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, संजीव कश्यप, गंगा सिंह, संदीप मौर्य, हिमांशु सोनकर, मोहित कश्यप अन्य पदाधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। ब्यूरो
-
इन्होंने भी दी श्रद्धांजलि
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं हो सकेगी। दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने भी शोक व्यक्त किया है। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि श्याम बिहारी ने अपने शांत स्वभाव और जनसेवा के कार्यों से लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया।
-
सुबह 10:30 बजे आएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 10.30 बजे बरेली आएंगे। वह दिवंगत विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के शोकाकुल परिवार से मिलेंगे। - अविनाश सिंह, डीएम