दशकों पुरानी जल निकासी प्रणाली बनी समस्या
विकास महर्षि ने बताया कि शहर की जल निकासी प्रणाली दशकों पुरानी है। आबादी बढ़ने के बावजूद ड्रेनेज सिस्टम को नए सिरे से डिजाइन नहीं किया गया। जब तक पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था का पुनर्गठन नहीं होगा, तब तक निचले इलाकों को जलभराव से राहत मिलना मुश्किल है।
बारिश में नाला रहता है उफान पर
शिव कुमार पाठक ने बताया कि गंदा नाला लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। बारिश में नाला उफान पर आ जाता है। गलियों में इतना पानी भर जाता है कि आपात स्थिति में लोगों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
नियमित रूप से नहीं होता कूड़ा उठान
चंद्रपति ने बताया कि सफाईकर्मी कई-कई दिन बाद नालियों की सफाई करने पहुंचते हैं। कूड़ा भी नियमित रूप से नहीं उठता। एक बार सफाई होने के बाद दोबारा कूड़ा उठाने में हफ्ते भर तक लग जाता है।
सफाईकर्मियों की कमी भी बनी समस्या
पार्षद सौरभ कुमार ने बताया कि वार्ड का क्षेत्रफल और आबादी बढ़ने के कारण सफाईकर्मियों की संख्या कम पड़ रही है। कुछ स्थानों पर रोज सफाई होती है, जबकि कई जगह दो-तीन दिन बाद कूड़ा उठ पाता है। उन्होंने नगर निगम से अतिरिक्त सफाईकर्मी उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। वहीं, उनका कहना है कि वार्ड में करीब 90 प्रतिशत खंभों पर स्ट्रीट लाइट लग चुकी हैं। शेष स्थानों पर भी एक-दो महीने में लाइटें लगवा दी जाएंगी।