अलीगंज कस्बे में मेन रोड़ पर भरा पानी
बिशारतगंज। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की विधानसभा क्षेत्र के कस्बा अलीगंज में मेन चौराहे की पुलिया धंसी होने के कारण लोगों को लंबे समय से जल भराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस मार्ग से तमाम अधिकारी व 10 हजार से ऊपर लोग प्रतिदिन गुजरते हैं, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
कस्बे में अलीगंज-सिरौली व गैनी-आंवला मार्ग चौराहे पर मेन मार्केट में पीडब्ल्यूडी की सड़क की पुलिया धंस जाने के कारण नालियों के पानी का निकास पुलिया के नीचे से नहीं हो पा रहा, जिस वजह से नालियों का बेहद गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जल भराव के कारण वहां गड्ढा बन गया है। यहां से होकर रोजाना सिरौली, शाहबाद, रामपुर के अलावा दिल्ली जाने वाले काफी वाहन गुजरते हैं। हल्के वाहन चालकों व लोगों का पैदल निकालना यहां मुश्किल हो जाता है।
ग्राम प्रधान शाकिर खां का कहना है कि वह इस संबंध में अनेक बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने व जलभराव के कारण आसपास के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। संवाद