बरेली। सीवर ट्रंक लाइन की खुदाई में एक बार फिर लापरवाही उजागर हुई है। पिछले हादसों से सबक न लेते हुए शुक्रवार को भी खुदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट गई। जिससे कालीबाड़ी के लोग दिनभर पानी को तरसते रहे। इससे पहले भी कई बार पाइप लाइन टूट चुकी है।
शुक्रवार दोपहर को खुदाई के दौरान पाइप लाइन टूटने से सिकलापुर, कालीवाड़ी, बरेली कॉलेज रोड के आसपास के तमाम इलाकों में पानी आपूर्ति ठप हो गई। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कालीबाड़ी पर इससे पहले भी पिछले तीन माह में ही करीब आठ से नौ बार पानी की पाइप लाइन टूट चुकी है। लोगों का कहना है कि यह सब सब जेसीबी चालक की लापरवाही से होता है। इतनी बार पाइप लाइन तोड़े जाने के बाद भी ठीक से काम नहीं किया जा रहा है। लाइन टूटने के बाद जलकल विभाग को सूचना दी गई। शाम तक पाइप लाइन को जोड़कर सप्लाई शुरू की। जल निगम एक्सईएन संजय कुमार का कहना है कि जानकारी मिली थी। क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक कराया जा रहा है।
एक दो नहीं... कई बार हुई लापरवाही
पटेल चौक से चौपुला तक खुदाई में स्ट्रीट पोल तोड़े।
पटेल चौक से चौपुला तक खुदाई में हनुमान मंदिर के पास तीन जगह सड़क धंसी और डिवाइडर टूटा।
श्यामगंज में दो बार, बरेली कालेज के सामने छह बार, कालीबाड़ी पर नौ ज्यादा बार पाइप लाइन जल निगम के ठेकेदार तोड़ चुके हैं।
कालीबाड़ी रास्ता बंद होने से पटेल चौक, नावल्टी पर लगा जाम
बरेली। कालीबाड़ी पर सीवर ट्रंक लाइन की खुदाई के चलते श्यामगंज से कालीबाड़ी होते हुए नगर निगम, बरेली कालेज, पुराना बस अड्डे की ओर जाने वाला रास्ता बंद है। इससे पटेल चौक, नावल्टी और चौकी चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। शुक्रवार को पटेल चौक पर कई बार जाम लगा। नावल्टी चौराहा भी जाम की जद में आ गया है। शुक्रवार को चौकी चौराहा से नावल्टी तक कई बार जाम लगा।