बरेली के कोतवाली इलाके के चौपुला बगिया स्थित एक घर में महिला ने नहाने के बाद पानी गर्म करने वाली रॉड निकलकर कपड़ों पर रख दी। कपड़ों के सहारे घर में आग लग गई, जिससे खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग से मकान मालकिन व उनका बेटा झुलस गए।
कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि चौपुला बगिया निवासी राजेश सक्सेना की 56 वर्षीय पत्नी रमा सक्सेना शनिवार सुबह अपने घर के बाथरूम में नहा रही थीं। इससे पहले उन्होंने पानी गर्म करने के बाद रॉड पानी से निकालकर नीचे रख दी। रॉड का हिस्सा पास में पड़े कंबल और चादर के संपर्क में आ गया और कपड़ों ने आग पकड़ ली। कपड़ों से उठी आग ने घर के और सामान को चपेट में ले लिया।
घर पर उस वक्त राजेश के बेटे शिखर सक्सेना भी थे। उन्होंने आग लगने की सूचना कोतवाली में दी, पुलिस मौके पर पहुंची और फिर दमकल टीम को भी बुला लिया गया। थोड़ी ही देर में टीम ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग की लपटों में घिरकर रमा सक्सेना काफी झुलस गईं। उन्हें बचाने में बेटे शिखर के हाथ झुलस गए। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।