बरेली। खराब मौसम की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भी रद्द हो गई है। पार्टी की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री की 11 फरवरी को बरेली में रैली होने वाली थी लेकिन बुधवार को आए यूपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने रैली के लिए चिन्हित मैदानों में पानी भरा देखकर रैली को हरी झंडी नहीं दी। धर्मेंद्र प्रधान ने सबसे पहले प्रधानमंत्री की रैली के लिए प्रस्तावित सहारा मैदान देखा जहां बारिश का काफी पानी भर गया था।
इसके बाद उन्होंने इंटरनेशल सिटी के पास एक मैदान देखा लेकिन वहां भी पानी भरा था। रबड़ फैक्टरी के पास मैदान को उपयुक्त पाया लेकिन बेहद कम समय में टेंट को एक से दूसरे मैदान में ले जाने की समस्या आड़े आ गई। इसके बाद रैली रद्द करने का फैसला लिया गया। महानगर अध्यक्ष केएम अरोड़ा ने बताया कि पीएम की रैली रद्द कर दी गई है। अब 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे वर्चुअल रैली की जाएगी। हर मंडल पर इसका कार्यक्रम होगा।