भोजीपुरा।मृतक अफसर हुसैन का फाइल फोटो।
भोजीपुरा। अलमारी बनाने के कारखाने में शनिवार को चौकीदार का शव उसके ही एक कमरे में मिला। चौकीदार के बाई आंख पर चोट के निशान मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। वहीं, चौकीदार के पुत्र ने कारखाना मालिक पर आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार अलमारी बनाने का कारखाना भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मेमोर गौंटिया के जंगल में स्थित है। इस कारखाने पर विगत डेढ़ वर्ष से जादोपुर के ही 50 वर्षीय अफसर हुसैन चौकीदार थे। शुक्रवार को अफसर हुसैन घर से शाम पांच बजे कारखाने पर ड्यूटी पर गए थे। शनिवार सुबह उनके ही कमरे में तख्त के ऊपर अफसर हुसैन का शव मिला। कारखाना मालिक मोहजिद उर्फ गुड्डू की सूचना पर अफसर हुसैन का पुत्र अशफाक हुसैन परिवार के साथ घटनास्थल पर पहुंचा।
लोगों के अनुसार अफसर हुसैन के बाई आंख में चोट का गहरा निशान था। अशफाक ने तत्काल डायल 112 पुलिस को बुलाया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षण अमित कुमार पांडेय फोर्स को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने गहनता से घटनास्थल का निरीक्षण किया। संवाद
अफसर ने कारखाना मालिक से बताया था जान का खतरा
अशफाक ने भोजीपुरा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके पिता अफसर का कारखाना मालिक से कहासुनी हो गई थी, जिसमे उन्होंने कारखाना मालिक से अपनी जान का खतरा बताया था। मृतक के पुत्र का कहना है कि उसने अपने पिताजी से नौकरी छोड़ने के लिए कहा था, लेकिन उसके पिता ने कहा कि कारखाना मालिक से हिसाब फाइनल होने पर नौकरी छोड़ देंगे।
चौकीदार के मृत्यु का सही कारण पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
- अमित कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक, भोजीपुरा