बरेली। कमिश्नरी सभागार में सोमवार को सड़क, विद्युत, जल जीवन मिशन के निर्माण कार्यों की कमिश्नर ने समीक्षा की। इसमें सड़क निर्माण के टेंडर की प्रक्रिया में देरी और बैठक में शामिल न होने पर कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे. ने नाराजगी जताते हुए पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने एनएचएआई के अधिकारियों के निर्देश दिए कि मंडल में जिन सड़कों का निर्माण हो चुका है, निर्माण कराया जा रहा है, या जो सड़कें अपूर्ण हैं, उनका जिलेवार विवरण दें। संयुक्त विकास आयुक्त को तैयार सड़कों का सत्यापन जिलाधिकारी के स्तर से कराने के निर्देश दिए। निर्धारित समय सीमा के बाद सड़क निर्माण कार्य अधूरा मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तेजी से शेष कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। शहर के प्रमुख मार्गों की दशा सही कराने के निर्देश दिए। सितंबर में प्रस्तावित सर्वे में सर्वाधिक जर्जर सड़कों को शामिल करने को कहा।
विद्युत विभाग को मंडल में कितने सब स्टेशन चालू हो गए हैं और कितने निर्माणाधीन हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा में मंडल में स्थिति खराब मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य और कनेक्शन के कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।