बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में गोकशी का आरोपी किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर मकान मालिक पर भी कार्रवाई हुई है।
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन के नतीजे निकलकर सामने आने लगे हैं। ठिरिया निजामत खां बस्ती में एक मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मकान मालिक ने बिना पुलिस सत्यापन कराए एक आरोपी को अपना मकान किराये पर दिया था। पुलिस ने किरायेदार को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है, उसके खिलाफ गैंगस्टर और गोकशी के कई मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि राजू उर्फ मोहम्मद हनीफ नाम के मकान मालिक ने चार माह पहले शकील उर्फ भूरे को अपना मकान किराये पर दिया था। शकील कैंट इलाके का नामी अपराधी है। मकान मालिक राजू उर्फ मोहम्मद हनीफ वार्ड संख्या आठ, ठिरिया निजामत खां का निवासी है। पुलिस ने किरायेदार शकील उर्फ भूरे को तमंचा के साथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध गैंगस्टर अधिनियम और गोकशी के अभियोग पंजीकृत हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि मकान मालिक ने किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। लापरवाही की वजह से मकान मालिक पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मकान मालिक किरायेदार का सत्यापन जरूर कराएं।